प्रधानी की रंजिश में दो पक्ष भिड़े एक घायल


तत्कालीन प्रधान की मृत्यु के बाद रिक्त पड़े प्रधान पद के दावेदारी में खूनी संघर्ष


बहुजन रक्षक संवाददाता


मेजा, प्रयागराज :  प्रधानी की रंजिश में मेजा थाना क्षेत्र के अमिलिया कला गांव में दो पक्षों में विवाद हो गया, जिसमें फायरिंग भी हुई। इस घटना में एक पक्ष का एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया।
   बता दें कि विकासखंड उरुवा के अमिलिया कला गांव के तत्कालीन प्रधान रेखा तिवारी का बीते 6 जुलाई को निधन हो गया था। प्रधान के निधन होने के बाद ग्राम पंचायत सदस्यों में प्रधानी को लेकर खींचातानी शुरू हो गया था। जिसमें रीना श्रीवास्तव पत्नी आनंद श्रीवास्तव ने कागजी कार्यवाही पूरी कर नवागत प्रधान घोषित हुई थी। वहीं मृतक प्रधान पक्ष के द्वारा उच्च न्यायालय में इस बाबत शिकायत की गई तथा कोर्ट में लंबित है। इसी मामले को लेकर पिछले कुछ दिनों से दोनों पक्षों में वाद विवाद की स्थिति बनी हुई थी जो बुधवार शाम के वक्त खूनी संघर्ष में तब्दील हो गया।
  घटनाक्रम में प्राप्त जानकारी के मुताबिक गांव के बीचो बीच हुए दोनों पक्षों का वाद विवाद फायरिंग तक जा पहुंचा। हवाई फायरिंग की घटना में मृतक महिला प्रधान के देवर प्रकाश नाथ तिवारी को गोली जा लगा और वह गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना में घायल प्रकाश नाथ तिवारी को स्थानीय चिकित्सा के बाद  जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।